उत्तराखण्ड
शिक्षार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए यूओयू का ‘जन संवाद’


अंतिम चरण में एबीसी आईडी, डीईबी आईडी, परीक्षा, असाइनमेंट, प्रवेश, प्लेसमेंट व डिग्री से जुड़े सवालों के मिले जवाब
हल्द्वानी, 5 अक्टूबर 2026। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) में शिक्षार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं, जिज्ञासाओं और सुझावों के समाधान के उद्देश्य से आयोजित ‘जन संवाद कार्यक्रम भाग-3’ के तृतीय एवं अंतिम चरण का आयोजन सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जूम प्लेटफॉर्म के माध्यम से हुआ, जबकि विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया मंच फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब पर @UOULive के माध्यम से इसका लाइव प्रसारण किया गया। विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ ने भी कार्यक्रम के संचालन एवं प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी के अध्यक्षीय उद्बोधन से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि जन संवाद कार्यक्रम विश्वविद्यालय और शिक्षार्थियों के बीच द्विपक्षीय संवाद को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षार्थियों से प्रवेश की अंतिम तिथियों का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर प्रवेश लेने का आग्रह किया।
कुलपति ने कहा कि शिक्षार्थियों की प्रतिक्रिया विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण है और उनके द्वारा उठाई जाने वाली समस्याओं एवं दिए गए सुझावों पर आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जाती है। उन्होंने शिक्षार्थियों से बिना किसी संकोच के अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं साझा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट, अनुसंधान निदेशालय की ओर से प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डे, अध्ययन सामग्री निर्माण एवं वितरण तथा अकादमिक निदेशालय की ओर से प्रो. पी.डी. पंत, परीक्षा अनुभाग से प्रो. सोमेश कुमार, प्रवेश अनुभाग से डॉ. सुमित प्रसाद, शोध अनुभाग से प्रो. मंजरी अग्रवाल एवं प्रो. एम.एम. जोशी, प्लेसमेंट सेल से डॉ. अखिलेश सिंह तथा पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा से प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
विशेषज्ञों ने शिक्षार्थियों को विभागीय प्रक्रियाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न सेवाओं की जानकारी सरल एवं स्पष्ट तरीके से दी। इसके बाद आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में शिक्षार्थियों ने अपनी शैक्षणिक एवं व्यावहारिक समस्याएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं।
प्रश्नोत्तर सत्र का संचालन सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी’ से श्री अनिल नैलवाल एवं श्रीमती सोनू भट्ट ने किया। इस दौरान शिक्षार्थियों द्वारा एबीसी आईडी, डीईबी आईडी, असाइनमेंट एवं परीक्षा अंकों के मूल्यांकन, अध्ययन सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण, प्रवेश प्रक्रिया, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, परीक्षा शुल्क, छात्रवृत्ति, अध्ययन माध्यम में परिवर्तन, डिग्री एवं अंकतालिका की उपलब्धता तथा बैक परीक्षा प्रक्रिया से संबंधित सवाल पूछे गए।
कई शिक्षार्थियों ने लाइव जूम बैठक से सीधे जुड़कर विशेषज्ञों के साथ संवाद किया और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। विशेषज्ञ पैनल ने संबंधित प्रक्रियाओं और विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में आवश्यक जानकारी देते हुए शिक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.uou.ac.in को नियमित रूप से देखने तथा ‘Student One View’ पोर्टल का उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही उन्हें दीक्षारम्भ कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि सेमेस्टर प्रारंभ होने से पहले पाठ्यक्रम, अध्ययन प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया जा सके।
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षार्थियों के साथ निरंतर, पारदर्शी और सहभागी संवाद की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाया जा रहा है। तीन चरणों में आयोजित इस श्रृंखला का अंतिम चरण सोमवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने ‘सूचना, संवाद और समाधान’ की अवधारणा को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





















