उत्तराखण्ड
वीकेंड पर कैंची धाम में यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद, ग्राउंड जीरो पर उतरे राजपत्रित अधिकारी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था, एंट्री पॉइंट पर वाहनों पर लगाए जा रहे स्टीकर।





नैनीताल। वीकेंड पर श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। 10 और 11 अक्टूबर को श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और यातायात के निर्बाध संचालन के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए पुलिस के राजपत्रित अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर यातायात प्रबंधन का जायजा ले रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लागू यातायात योजना के तहत एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल तथा एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों द्वारा यातायात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।
पार्किंग और शटल सेवा पर विशेष जोर कैंची धाम पहुंचने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सुव्यवस्थित तरीके से खड़ा कराया जा रहा है। पार्किंग स्थलों से मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुविधाजनक बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। इससे वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। अनाउंसमेंट से दी जा रही जानकारी, वाहनों पर लग रहे स्टीकर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यातायात प्लान, निर्धारित पार्किंग स्थलों तथा शटल सेवा की जानकारी देने के लिए अनाउंसमेंट के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रवेश बिंदुओं पर वाहनों पर स्टीकर लगाए जा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने में सहयोग मिल सके।
सुरक्षित दर्शन के लिए पुलिस मुस्तैद
वीकेंड के दौरान यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ यातायात का संचालन कर रहे हैं, जबकि अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन तथा बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। पुलिस ने लोगों से यातायात प्लान का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों एवं शटल सेवा का उपयोग करने की अपील की है।





















