उत्तराखण्ड
विवाह समारोहों में हुड़दंग और जाम पर पुलिस सख्त, बारात चढ़ाने के लिए तय हुई 100 मीटर की दूरी





हल्द्वानी।आगामी विवाह समारोहों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह की अध्यक्षता में मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में बैंक्वेट हॉल संचालकों, डीजे सिस्टम संचालकों और बैंड बाजा संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
गोष्ठी में हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र के संचालकों को विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब सभी बारातें बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर की दूरी से चढ़ाई जाएंगी। वहीं, रात 10 बजे के बाद डीजे सिस्टम और बैंड बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस ने सभी बैंक्वेट हॉल प्रबंधकों को परिसर के अंदर और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सुरक्षा के लिए वालंटियर नियुक्त करने के निर्देश दिए। बारात की बुकिंग के संबंध में संबंधित अधिकारियों से आवश्यक अनुमति लेना और समय रहते थाना प्रभारी को सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा किसी भी बाराती को असलाह लेकर बैंक्वेट हॉल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बैंड-बाजा संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क के किनारे चलने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो। बैंक्वेट हॉल संचालकों को बारात में आने वाले वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और मुख्य सड़क पर किसी भी वाहन को पार्क नहीं होने देने को कहा गया।
पुलिस ने यह भी निर्देश दिए कि विवाह समारोहों में लगाए जाने वाले कैटरर्स, बैंड और डीजे संचालकों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। सड़क के बीचों-बीच अथवा भीड़ के नजदीक खतरनाक आतिशबाजी करने पर भी रोक लगाई गई है। बैंक्वेट हॉल संचालकों को वर-वधू पक्ष के साथ समन्वय बनाकर बारात को निर्धारित समय पर परिसर में प्रवेश कराने और मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
एसपी हल्द्वानी ने संबंधित थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में बारातों की सूचना पर लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, मुखानी के सुशील जोशी, काठगोदाम के जसवीर सिंह चौहान, बनभूलपुरा के दिनेश फर्त्याल, यातायात निरीक्षक भूपेश पाण्डेय, सीपीयू प्रभारी जगदीश राय, मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी दीपक कार्की, हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत राठौड़ सहित बैंक्वेट हॉल, डीजे और बैंड संचालक मौजूद रहे।







