Connect with us

उत्तराखण्ड

विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट से उठाया वन मार्ग निर्माण का मुद्दा

 

हल्द्वानी ,,विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग को मोटर मार्ग में परिवर्तित किए जाने से जुड़े वन भूमि प्रकरण को लेकर विजयपुर गांव के ग्रामीणों ने नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट से मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने सांसद को अवगत कराया कि देवला मल्ला से विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के किमी 0.000 से किमी 0.200 तक मोटर मार्ग निर्माण का मामला लंबे समय से लंबित है। सड़क निर्माण के लिए लगभग 0.91 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वानिकी कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रत्यावर्तित किए जाने की प्रक्रिया प्रस्तावित है।

इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद अजय भट्ट को वन संरक्षण निदेशालय की ओर से जारी पत्र भी सौंपा। पत्र में संबंधित वन भूमि के प्रत्यावर्तन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस प्रकरण में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून से सैद्धांतिक एवं विधिवत स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि मार्ग का निर्माण होने से विजयपुर गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में क्षेत्र के लोगों को पैदल मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे दैनिक आवागमन और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में परेशानी होती है।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने वन सचिव आर.के. सुधांशु से पत्राचार करने के साथ ही दूरभाष पर भी वार्ता कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। सांसद ने ग्रामीणों की समस्या के समाधान तथा सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।

ग्रामीणों ने सांसद की पहल पर आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि संबंधित विभागों के स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होने से लंबे समय से लंबित मोटर मार्ग निर्माण का रास्ता साफ होगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page