उत्तराखण्ड
विकास भवन में श्रद्धा से मनाई गांधी एवं शास्त्री जयंती




सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय ने किया नमन, स्वच्छता अभियान में स्वयं उठाई झाड़ू, किया पौधरोपण
भीमताल, 2 अक्टूबर। विकास भवन परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में आत्मसात करते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
सीडीओ ने स्वयं उठाई झाड़ू
गांधी जयंती के अवसर पर विकास भवन परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान में सहभागिता की और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाना आवश्यक है।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विकास भवन परिसर में पौधरोपण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश कुमार सहित विकास भवन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

















