उत्तराखण्ड
वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर, नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत : जिलाधिकारी आशीष भटगांई





अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, नशामुक्त भारत की दिलाई शपथ
पिथौरागढ़, 1 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करते हुए वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले वरिष्ठजनों को सम्मानित किया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके जीवन के संघर्ष, अनुभव, सीख और तपस्या समाज को निरंतर दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों और जीवन मूल्यों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भी वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सम्मानित वरिष्ठजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताते हुए सभी से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी हरीश आर्य सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

















