Connect with us

उत्तराखण्ड

वंदे मातरम् कैंप में युवाओं ने स्वयंसेवा, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत में युवा भूमिका पर किया मंथन

देहरादून। मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड द्वारा देहरादून में आयोजित ‘वंदे मातरम् कैंप 2026-27’ के तहत सोमवार को विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के लिए प्रेरणादायी एवं संवादात्मक सत्रों का आयोजन किया गया। कैंप में युवाओं ने स्वयंसेवा, महिला सशक्तिकरण, करियर मार्गदर्शन तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल अजय कोठियाल (सेवानिवृत्त) के साथ विशेष पॉडकास्ट एवं युवा संवाद सत्र से हुई। छह राज्यों से आए प्रतिभागियों ने कर्नल कोठियाल से सीधे संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जिम्मेदारियों, स्वयंसेवा और करियर से जुड़े सवाल पूछे। इस दौरान युवाओं को उनके अनुभवों और विचारों से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

इसके बाद युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत के पूर्व निदेशक जे.पी.एस. नेगी ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवा की भावना के माध्यम से युवा समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और समय का रचनात्मक उपयोग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

आशुभाषण प्रतियोगिता में तीन राज्यों के प्रतिभागियों ने मारी बाजी

कैंप के दौरान आयोजित एक्सटेम्पोर (आशुभाषण) प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में केरल की डॉ. संजीता ने प्रथम, हरियाणा के यतिन ने द्वितीय तथा दिल्ली के सूर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

विजेताओं को जे.पी.एस. नेगी एवं मेरा युवा भारत उत्तराखण्ड के राज्य निदेशक राहुल डबराल द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अविनाश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने अतिथियों, विशेषज्ञों और विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों का उनके सहयोग, अनुशासित सहभागिता एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

‘वंदे मातरम् कैंप 2026-27’ का उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं को साझा मंच उपलब्ध कराते हुए राष्ट्रीय एकता, युवा नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। कैंप के माध्यम से युवाओं को संवाद, अनुभव साझा करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page