Connect with us

कुमाऊँ

राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में गूंजी देशभक्ति की स्वर लहरियां

 

एवरग्रीन स्कूल की यमुना टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान, विद्यार्थियों ने हिंदी और संस्कृत समूह गान से मोहा मन

हल्दूचौड़। भारत विकास परिषद, शाखा लालकुआँ की ओर से राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल के कृष्ण स्वरूप मेमोरियल सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी गायन प्रतिभा, सामूहिक तालमेल और देशभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, चिल्ड्रन्स एकेडमी के निदेशक श्रीष पाठक तथा भारत विकास परिषद के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद परिषद के सदस्यों ने अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को यमुना, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र, कावेरी और सिंधु नाम दिए गए। प्रथम चरण में हिंदी समूह गान तथा इसके बाद संस्कृत समूह गान की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों ने मधुर स्वर, सुर-ताल की सटीकता और सामूहिक समन्वय के साथ प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर सभागार में देशभक्ति का वातावरण बना दिया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संगीताचार्य विनिता पांडे, लता कुंजवाल और डिंपल जोशी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागी टीमों की गायन शैली, तालमेल, प्रस्तुति और संगीतात्मक गुणवत्ता के आधार पर मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में यमुना टीम (एवरग्रीन स्कूल) ने प्रथम, सरस्वती टीम (इंदिरा अकादमी स्कूल) ने द्वितीय, ब्रह्मपुत्र टीम (चिल्ड्रंस एकेडमी) ने तृतीय, कावेरी टीम (इमॉर्टल स्कूल) ने चतुर्थ तथा सिंधु टीम (डॉन बॉस्को स्कूल) ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर चिल्ड्रन्स एकेडमी के निदेशक श्रीष पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं केवल हार-जीत तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों को सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद शाखा लालकुआँ के अध्यक्ष चंद्रेश भाटिया, सह-सचिव जुगल किशोर गर्ग, वित्त सचिव शुभम अग्रवाल, उपाध्यक्ष महिला सहभागिता रितु अरोड़ा, कार्यक्रम संयोजक आशु खुराना एवं संचालनकर्ता हेमंत जैन सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। भारत विकास परिषद ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in कुमाऊँ

Trending News

Follow Facebook Page