Connect with us

उत्तराखण्ड

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर मीडिया सेंटर में ‘लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित

वक्ताओं ने कहा—लोकप्रियता के साथ पत्रकारिता में मूल्यों, निष्पक्षता और विश्वसनीयता का होना भी जरूरी

हल्द्वानी, 16 नवंबर। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ (लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता) विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों की भूमिका और मौजूदा दौर में खबरों की विश्वसनीयता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना एवं संचार के साधनों का तेजी से विस्तार हुआ है। डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाएं पलभर में लाखों लोगों तक पहुंच रही हैं। ऐसे दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को यह समझना होगा कि किसी विषय को केवल लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया जा रहा है या उसके पीछे व्यापक जनहित और सामाजिक सरोकार जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना अथवा लोकप्रियता हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना पत्रकारिता का मूल धर्म है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता, उसके प्रभाव और समाज पर पड़ने वाले संभावित परिणामों का आकलन करना आवश्यक है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता कभी समाप्त नहीं होगी, बल्कि समय और तकनीक के साथ उसका स्वरूप लगातार बदलता और अधिक उन्नत होता रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हम सूचना एवं संचार के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के साक्षी हैं। डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया ने समाचारों के प्रसार को नई गति दी है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट खबरों और सनसनीखेज प्रस्तुति जैसी चुनौतियां भी सामने आई हैं।

उन्होंने पत्रकारों से तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में व्यूज (दर्शक संख्या) महत्वपूर्ण हैं, लेकिन व्यूज के साथ वैल्यूज (मूल्य) भी उतने ही जरूरी हैं। पत्रकारिता की वास्तविक सफलता केवल पाठकों और दर्शकों की संख्या से नहीं, बल्कि समाज में उसकी विश्वसनीयता और सकारात्मक प्रभाव से तय होती है।

वरिष्ठ पत्रकार शैलेन्द्र नेगी ने कहा कि देश की आजादी की अलख जगाने और स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारिता की ऐतिहासिक भूमिका रही है। पत्रकारिता ने हमेशा समाज को जागरूक करने और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता भले ही कुछ समय के लिए लोकप्रियता हासिल कर ले, लेकिन समाज में स्थायी विश्वास और सम्मान केवल जिम्मेदार पत्रकारिता से ही स्थापित होता है।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता जितनी महत्वपूर्ण है, उसकी जवाबदेही भी उतनी ही आवश्यक है। बदलते मीडिया परिवेश में पत्रकारों को अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनहित के सिद्धांतों पर कायम रहना होगा।

कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पत्रकार विनोद कांडपाल, दिनेश पांडेय, गीतेश त्रिपाठी, धर्मानंद खोलिया सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। संगोष्ठी के माध्यम से पत्रकारिता के मूल आदर्शों और सामाजिक उत्तरदायित्व को बनाए रखने का संदेश दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page