उत्तराखण्ड
राष्ट्रीय खेल दिवस पर 27 अगस्त को देशभर में होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’

देहरादून,, 24 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष इसे युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवा खिलाड़ियों और युवाओं को एक मंच पर जोड़ना तथा पिछले 12 वर्षों में खेल क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों और विकास से उन्हें अवगत कराना है। साथ ही युवाओं के विचार, सुझाव और आकांक्षाओं को भी सुना जाएगा।
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। उत्तराखंड में भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ आयोजित किया जाएगा।
राज्य में कार्यक्रम राजकीय पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग, ग्राफिक एरा देहरादून, देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर, डीवीएस कॉलेज देहरादून, फीनिक्स यूनिवर्सिटी रुड़की, एशियन एकेडमी पिथौरागढ़, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी, उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी हल्द्वानी, पीजी कॉलेज उत्तरकाशी, पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि तथा पीजी कॉलेज जखोली में आयोजित किया जाएगा।
सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर युवा संवाद पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान ‘मेरा भारत’ स्वयंसेवकों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव तथा भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद लगभग 15 मिनट का युवा संवाद होगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा। संवाद के दौरान चार प्रमुख विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। इनमें जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग एवं अवसर पहुंचाकर खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना; वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान एवं खिलाड़ी विकास के माध्यम से प्रतिभाओं को तैयार करना; युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना तथा विकसित भारत के लिए युवाओं को आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ना शामिल है।
युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही वीबीवाईएलडी क्विज राउंड में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व और कौशल विकास से जोड़ने के साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ ‘मेरा भारत’ उत्तराखंड के राज्य निदेशक राहुल डबराल, राज्य राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी सुनैना रावत, उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह तथा एपीएस धर्म सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं युवा प्रतिभागी मौजूद रहेंगे।
— प्रेस सूचना ब्यूरो, देहरादून

















