Connect with us

उत्तराखण्ड

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन

 

हल्द्वानी 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के परिसर में शनिवार को विभिन्न खेलकूद गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक फिटनेस तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकगण एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 1000 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, शॉट पुट, रस्साकशी तथा शतरंज सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का स्मरण करते हुए उनकी प्रतिमा/चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और माल्यार्पण किया। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन, समर्पण एवं देश के लिए उनके योगदान को स्मरण करते हुए प्रतिभागियों को खेलों के प्रति प्रेरित किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने बताया कि ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के लिए देशभर के सभी जिलों से दो शिक्षण संस्थानों का चयन किया गया था, जिसमें नैनीताल जिले से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को कैटेगरी-1 संस्थान के रूप में चयनित किया गया है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

विभिन्न स्पर्धाओं में विजेताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थी वर्ग में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में विक्रम सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 400 मीटर एवं 1000 मीटर दौड़ में दीपक पंत प्रथम रहे। शतरंज प्रतियोगिता में सुमित बसेरा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शॉट पुट में कृष्णा महाराज तथा डिस्कस थ्रो में कमलेश धामी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महिला कर्मचारी वर्ग में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में मोनिका भदौरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो एवं शॉट पुट में डॉ. शालिनी चौधरी प्रथम रहीं। पुरुष कर्मचारी वर्ग में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में डॉ. दीपक शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डिस्कस थ्रो में डॉ. एस. एस. कुंजवाल ने प्रथम स्थान हासिल किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के पश्चात विजेताओं के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ खेलकूद को बढ़ावा देना विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. खेम राज भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रीति पंत ने किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. कमल देवलाल, प्रो. रेनू प्रकाश, डॉ. हरीश जोशी, डॉ. राजेश मतपाल, डॉ. मीनाक्षी सहित विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारीगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का यह आयोजन शिक्षा और खेल के समन्वय तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page