उत्तराखण्ड
राज्यपाल ने किया जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ, 30 नवंबर तक कर सकेंगे स्व-गणना




जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं का बनेंगे आधार : राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन
प्रदेशवासियों से शत-प्रतिशत भागीदारी की अपील, 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
देहरादून, 16 नवंबर। उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की शुरुआत सोमवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) कर की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना की प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और प्रगणकों को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संपन्न कराया जा रहा है। इसके तहत प्रदेशवासी 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगे और जनगणना संबंधी विवरण एकत्र करेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि जनगणना किसी भी देश और प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज की वास्तविक आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और भविष्य की चुनौतियों का आकलन किया जाता है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सही और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर ही संसाधनों का उचित वितरण तथा विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग दें और प्रत्येक जानकारी सही-सही उपलब्ध कराएं।उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे डिजिटल माध्यम से स्व-गणना करने के साथ-साथ अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे।राज्यपाल ने जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे पूरी गंभीरता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रत्येक परिवार से सही जानकारी प्राप्त करें और सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता बेहद आवश्यक है, क्योंकि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं को आकार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उत्तराखण्ड के जागरूक नागरिकों की शत-प्रतिशत सहभागिता से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी और समावेशी एवं विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखण्ड श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक श्री प्रवीन कुमार, वरिष्ठ उप निदेशक श्री आर.के. बनवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







