उत्तराखण्ड
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से डीजीपी दीपम सेठ ने की शिष्टाचार भेंट, कानून-व्यवस्था और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर हुई चर्चा


पवनीत सिंह बिंद्रा
देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से आज लोक भवन में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री दीपम सेठ ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी कुंभ मेला-2027, विधानसभा चुनावों की तैयारियों और पुलिस विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के दौरान डीजीपी दीपम सेठ ने राज्यपाल को प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराते हुए आगामी कुंभ मेला-2027 एवं विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन तथा आगामी 6 नवंबर को आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर परेड की तैयारियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की।
राज्यपाल डॉ. बिसेन ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर देते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
राज्यपाल ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने उत्तराखण्ड पुलिस के समस्त सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से अलंकृत किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही इस सम्मान को पुलिस विभाग के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना की।





