Connect with us

उत्तराखण्ड

मुनस्यारी में पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा, अनियोजित पर्यटन को व्यवस्थित करेगी सरकार : सतपाल महाराज

 

सी-बकथॉर्न उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा, व्यास वैली में स्थापित होगी महर्षि वेदव्यास की प्रतिमा; कुटी गांव के पांडवकालीन स्थलों के विकास और मिलम-जोहाड़ से जोशीमठ तक कनेक्टिविटी पर भी जोर

पिथौरागढ़, 13 नवंबर। प्रदेश के लोक निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुनस्यारी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार सुनियोजित तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएगी। क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे अनियोजित पर्यटन को व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

धारचूला के दांतू गांव का भ्रमण करने के बाद गुरुवार देर शाम मुनस्यारी पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार सुबह पत्रकारों से बातचीत में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से जुड़ी सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सी-बकथॉर्न के उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सी-बकथॉर्न की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यदि इसके उत्पादन और प्रसंस्करण को प्रोत्साहित किया जाए तो स्थानीय किसानों, ग्रामीणों और महिला समूहों की आजीविका को मजबूत करने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकती है। इस दिशा में संबंधित विभागों के साथ चर्चा कर संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदि कैलाश यात्रा और सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर विशेष लगाव रहा है। इसी दृष्टिकोण के तहत व्यास वैली में महर्षि वेदव्यास की प्रतिमा स्थापित करने तथा कुटी गांव में पांडवों से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा। इससे क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को पर्यटन से जोड़ने में मदद मिलेगी।

सतपाल महाराज ने मुनस्यारी और आसपास के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने मिलम-जोहाड़ क्षेत्र को जोशीमठ से जोड़ने की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि बेहतर संपर्क मार्ग विकसित होने से सीमांत क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिल सकता है।

स्थानीय लोगों ने रखीं पर्यटन विकास से जुड़ी मांगें

पत्रकार वार्ता के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर कई सुझाव और मांगें मंत्री के सामने रखीं। इनमें थामरी कुंड ट्रेक पर हट्स का निर्माण, बेटूलीधार में स्कीइंग स्थल का विकास और स्थानीय युवाओं को गाइड प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा मल्ला जोहार क्षेत्र के सुमतु से बृजगंगा तक ट्रेक रूट विकसित करने सहित अन्य पर्यटन संबंधी मांगें भी रखी गईं।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने डाडाधार स्थित नंदा देवी मंदिर और ट्राइबल हेरिटेज म्यूजियम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी पर्यटन की बड़ी ताकत है। इनके संरक्षण और व्यवस्थित विकास से मुनस्यारी को पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक मजबूत पहचान दिलाई जा सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page