उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस को सेवा एवं संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी भाजपा

रेंजर ग्राउंड में होगा भव्य कार्यक्रम, 9 से 10 हजार युवा कार्यकर्ता व पदाधिकारी होंगे शामिल
देहरादून, 13 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस 16 सितंबर को भव्य एवं जनसेवा के रूप में मनाने की तैयारियों को लेकर रविवार को महानगर भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में हुई बैठक में जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि 16 सितंबर को देहरादून के रेंजर ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें महानगर क्षेत्र से करीब 9 से 10 हजार युवा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जरूरतमंदों की सहायता के रूप में मनाया जाए। अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जन्मदिवस पर आयोजित सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार द्वारा उत्तराखंड के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को युवा साथियों के साथ हर्षोल्लास एवं सेवा भावना के साथ मनाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
सेवा समर्पण अभियान की भी बनी रूपरेखा
बैठक के मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिवस सभी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास की गति को लगातार आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को जनसेवा के अभियान के रूप में मनाया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को होने वाले जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले एक माह के सेवा एवं समर्पण अभियान के कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना करते हुए 16 सितंबर को ‘सेवा एवं संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में रायपुर विधायक उमेश शर्मा, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, मधु भट्ट, श्याम अग्रवाल, कुलदीप बुटोला, अशोक वर्मा, हरीश डोरा, सुनील उनियाल गामा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों, संकेत नौटियाल, राजेश कंबोज, ओम कक्कड़, महामंत्री विजेंद्र थपलियाल, संदीप मुखर्जी, सुरेंद्र राणा, जगदीश सेमवाल, विनोद शर्मा, प्रदीप कुमार, मोतीराम, संदीप बिजलवान, मनीष पाल, श्रेय नौटियाल सहित महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।

















