उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर भाजपा मनाएगी सेवा एवं जनकल्याण दिवस

नैनीताल जिले के सभी मंडलों में रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान समेत होंगे विविध कार्यक्रम
हल्द्वानी, 15 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस 16 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला नैनीताल द्वारा जिले के सभी मंडलों में सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े वृहद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प दिवस के रूप में मनाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारदर्शी कार्यशैली और विकासोन्मुखी नेतृत्व के माध्यम से उत्तराखंड को नई दिशा देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार जनहित के साथ युवाओं, महिलाओं, किसानों, सैनिकों और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।
दिनभर चलेंगे सेवा कार्यक्रम
जिलाध्यक्ष ने बताया कि जिले के विभिन्न मंडलों में पूरे दिन समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य एवं सेवा शिविर, अस्पतालों व आश्रमों में फल वितरण, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, मंदिरों में पूजन-अर्चन, बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरण तथा युवा मोर्चा की मैराथन दौड़ सहित अनेक कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हल्द्वानी, काठगोदाम, बिंदुखत्ता, लालकुआं, हल्दूचौड़, गौलापार, ओखलकांडा, रामगढ़, भीड़ापानी, भीमताल, धारी, बेतालघाट, गरमपानी, भवाली, नैनीताल ग्रामीण, नैनीताल नगर, लामाचौड़, कालाढूंगी, बिठौरिया, मुखानी, कोटाबाग, रामनगर ग्रामीण, मालधनचौड़ और रामनगर नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा एवं जनकल्याण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा ही संगठन’ को बनाया संकल्प
प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है। मुख्यमंत्री धामी का सार्वजनिक जीवन भी सेवा और समर्पण की भावना से जुड़ा रहा है। ऐसे में उनके जन्मदिवस पर समाज के प्रति दायित्व निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सेवा कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से रक्तदान, वृक्षारोपण और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता कर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री धामी को दी जन्मदिवस की शुभकामनाएं
जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। उन्होंने बाबा केदार, मां नंदा देवी, मां पूर्णागिरि, गोल्ज्यू देवता, बाबा नीम करौली सहित देवभूमि के समस्त देवी-देवताओं से मुख्यमंत्री धामी पर सदैव आशीर्वाद बनाए रखने तथा उनके नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास और उन्नति के नए कीर्तिमान स्थापित होने की मंगलकामना की।

















