उत्तराखण्ड
मुखानी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: पुलिस का बड़ा एक्शन, ITI गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार

एस एस पी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर छह घंटे के भीतर चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, होटल में ले जाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप
पवनीत सिंह बिंद्रा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के मुखानी क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना की शिकायत मिलने के महज छह घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर बड़ी कार्रवाई की है। गिरफ्तार किए गए चारों युवक शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के सदस्य हैं।
पुलिस के अनुसार, देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने खुद की कार्रवाई की निगरानी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं पुलिस कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी ने कहा कि बच्चों और बच्चियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे अपराधों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में लापरवाही बरतने के बजाय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







