उत्तराखण्ड
मीनाक्षी प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग ने लिया संज्ञान, संबंधित दुकान का किया निरीक्षण


हल्द्वानी, 3 अक्टूबर। मीनाक्षी प्रकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेते हुए संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट के निर्देश पर विभागीय टीम कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के समीप नईम पहलवान की दुकान पर पहुंची, जिसे कथित रूप से झोलाछाप के तौर पर संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। निरीक्षण के दौरान दुकान बंद मिली।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बेस चिकित्सालय हल्द्वानी पहुंची और 24 वर्षीय मृतका मीनाक्षी के संबंध में चिकित्सालय से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। अस्पताल से मिली चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार मीनाक्षी को अस्पताल लाए जाने पर चिकित्सकों ने ब्रॉट डेड (मृत अवस्था में लाया गया) घोषित किया था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा प्रकरण के विभिन्न पहलुओं की तथ्यात्मक जानकारी एकत्र की जा रही है।
सीएमओ ने जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों तथा बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत एवं वैध चिकित्सकीय योग्यता रखने वाले चिकित्सकों तथा अधिकृत स्वास्थ्य संस्थानों से ही चिकित्सा परामर्श और उपचार प्राप्त करें।

















