Connect with us

उत्तराखण्ड

मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए नैनीताल में विशेष अभियान

08 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक होगा घर-घर सत्यापन

नैनीताल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन, शुद्धिकरण एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।

अभियान के प्रथम चरण में 08 से 10 अक्टूबर 2026 तक जनपद के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), संबंधित बीएजी सदस्य तथा बीएलए-2 वर्तमान मतदाता सूची का पूर्व की मतदाता सूची से मिलान करेंगे। इस दौरान ऐसे पात्र मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम किसी कारणवश वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं।

इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ द्वारा बीएलए-2 के सहयोग से घर-घर जाकर चिन्हित मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनका फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल में 6.97 लाख से अधिक मतदाता

जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 03 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में जनपद नैनीताल में कुल 6,97,547 मतदाता दर्ज हैं। निर्वाचन विभाग का उद्देश्य अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और अपात्र अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का समयबद्ध सत्यापन हो, इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page