उत्तराखण्ड
भीमताल में शैक्षिक मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग पर चार दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला शुरू

निरीक्षण व्यवस्था को सहयोगात्मक शैक्षिक मेंटरिंग में बदलने पर जोर, कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए बीआरपी और सीआरपी को दिया जाएगा प्रशिक्षण
भीमताल (नैनीताल), 16 नवंबर। राज्य में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और शिक्षकों को प्रभावी शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखंड की ओर से स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के सहयोग से डायट भीमताल में चार दिवसीय आवासीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। 16 से 19 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का विषय “प्रभावी मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग फॉर एकेडमिक सपोर्ट” रखा गया है।
कार्यशाला में कुमाऊं मंडल के सभी जनपदों से डायट प्रवक्ता, ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) एवं क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यशाला के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में केवल निरीक्षण तक सीमित रहने के बजाय शिक्षकों को निरंतर शैक्षिक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की कार्यप्रणाली विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
चार दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागियों को योग्यता आधारित शिक्षण एवं मूल्यांकन (CBL और CBA), पीएमआई फ्रेमवर्क के माध्यम से शैक्षिक मॉनिटरिंग टूल्स का सत्यापन, परख (PARAKH) के अनुरूप प्रश्नों की समीक्षा तथा डायट, बीआरसी और सीआरसी की जिम्मेदारियों के निर्धारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) रैंकिंग में सुधार के लिए आवश्यक नेतृत्व कौशल भी विकसित किए जाएंगे।
कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल सुरेश चंद्र आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में योग्यता आधारित शिक्षा और उसका प्रभावी मूल्यांकन बेहद आवश्यक है। परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण में विद्यार्थियों का प्रदर्शन और राज्य का पीजीआई स्कोर सीधे तौर पर कक्षा शिक्षण तथा मूल्यांकन की गुणवत्ता से जुड़े हुए हैं। ऐसे में विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में बीआरपी एवं सीआरपी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्हें केवल निरीक्षक की भूमिका तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सहयोगी मार्गदर्शक बनकर विद्यालयों और शिक्षकों को लगातार शैक्षिक सहयोग प्रदान करना चाहिए। उन्होंने एससीईआरटी, डायट, जिला प्रशासन और स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन के आपसी समन्वय से तैयार की जा रही एकीकृत सहयोगात्मक व्यवस्था को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उप खंड शिक्षा अधिकारी रामगढ़ परवीन अज़हर ने कार्यशाला को शिक्षकों को बेहतर सहयोग देने और कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास बताया।
कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक एवं एससीईआरटी के राज्य योजना समन्वयक डॉ. अजय कुमार चौरसिया तथा सह-समन्वयक एवं एससीईआरटी प्रवक्ता डॉ. राकेश चंद्र गैरोला ने संयुक्त रूप से कहा कि बीआरपी और सीआरपी के लिए योग्यता आधारित शिक्षण एवं मूल्यांकन की स्पष्ट समझ होना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे सीधे विद्यालयों में शिक्षकों के साथ कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब इन कार्मिकों को शिक्षण और मूल्यांकन की आधुनिक पद्धतियों की बेहतर समझ होगी, तभी वे एक कुशल मेंटर के रूप में शिक्षकों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान कर सकेंगे। किसी भी शैक्षिक नीति की वास्तविक सफलता उसके धरातलीय क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। इसी उद्देश्य से कार्यशाला में व्यावहारिक और नीतिगत दोनों पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला में राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA), नई दिल्ली की प्रोफेसर सान्त्वना जी. मिश्रा मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में प्रतिभाग करेंगी। वह 18 और 19 नवंबर को योग्यता आधारित शिक्षा तथा मॉनिटरिंग एवं मेंटरिंग के नीतिगत परिप्रेक्ष्य पर विशेष सत्र लेंगी।
इस अवसर पर स्टरलाइट एडइंडिया फाउंडेशन की ओर से श्रीमती निरुपमा शर्मा, ऑपरेशन हेड संदीप, मोहित शर्मा एवं पंकज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं प्रतिभागियों में श्रीमती रेखा तिवारी, डॉ. हेम जोशी, श्रीमती हेमलता धामी, डॉ. अनिल मिश्रा, डॉ. कैलाश चंदोला, राजेश पाठक एवं कंचन समेत विभिन्न जनपदों के शिक्षा अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में ऐसी प्रभावी प्रणाली विकसित करना है, जिसमें मॉनिटरिंग केवल कमियां तलाशने का माध्यम न होकर शिक्षकों की क्षमता विकास, बेहतर शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार का आधार बने।







