उत्तराखण्ड
भाजपा संगठनात्मक बैठक में चुनावी रणनीति पर मंथन, ‘60 पार’ के लक्ष्य पर जोर

देहरादून, 2 अक्टूबर। भाजपा की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय करने तथा सरकार के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने कहा कि अब संगठनात्मक कार्यकर्ता की भूमिका से आगे बढ़कर राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सरकार के कामकाज का संदेश जनता तक पहुंचाना होगा। उन्होंने पार्टी के लिए ‘हाईएस्ट मेजोरिटी यानी 60 पार’ के लक्ष्य को लेकर काम करने की बात कही।
प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार पहुंचे राम माधव के साथ सह प्रभारी एवं सांसद बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और मंत्रियों का परिचय कराया गया।
विकास कार्यों का राजनीतिक संदेश जनता तक पहुंचाने पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए राम माधव ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं ने लगातार काम किया है। अब शेष समय में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में जनता के बीच सक्रियता बढ़ानी होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने उत्तराखंड में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कार्य किए हैं। इन कार्यों का संदेश समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष की नकारात्मक राजनीति और उसकी कमजोरियों को भी जनता के सामने रखने की बात कही।
राम माधव ने कहा कि पार्टी को आगामी चुनाव में केवल सामान्य बहुमत तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि 60 से अधिक सीटों के लक्ष्य को ध्यान में रखकर राजनीतिक रणनीति तैयार करनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने वाले राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड को भी शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को पहली बार चुनाव लड़ने और पहली बार जीतने जैसी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा।
‘युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की कोशिश’ का आरोप
सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि अब सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाने का समय है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म, क्षेत्र और जाति के बाद अब युवाओं को उम्र के आधार पर बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि अलग-अलग नाम और राजनीतिक पहचान रखने वाले कुछ नेताओं की विचारधारा राष्ट्र और सनातन के प्रति विरोध की भावना से प्रेरित है। उन्होंने ऐसे राजनीतिक प्रयासों को जनता के सामने उजागर करने की आवश्यकता जताई।
शहर से गांव तक विकास मॉडल की चर्चा हो : महेंद्र भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि अब संगठन में किए गए कार्यों की राजनीतिक परीक्षा का समय है। संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच दोतरफा संवाद प्रभावी होना चाहिए तथा प्रदेश स्तर के निर्णयों और योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि शहर से गांव तक उत्तराखंड के विकास मॉडल की चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के कार्यों के मूल्यांकन का समय आ गया है।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ पर रहेगा फोकस
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि चुनाव में जीत के लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ जैसे मूल मंत्रों पर कार्य करना होगा। उन्होंने विभिन्न राज्यों में पार्टी को मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी कार्यकर्ताओं को इसी तरह का प्रदर्शन करने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में बहुमत हासिल करना लक्ष्य है और संगठन की मेहनत पर निर्भर करेगा कि सामान्य बहुमत से आगे बढ़कर पार्टी कितनी बड़ी जीत हासिल करती है।
संगठनात्मक कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रस्तुत
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने 14 सितंबर 2025 से अब तक आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें मन की बात, बूथ सशक्तिकरण, कोर कमेटी एवं अन्य समितियों की बैठकें, सेवा संकल्प अभियान, युवा संवाद, लखपति दीदी कार्यक्रम और लाभार्थी कार्यक्रम समेत विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल के संचालन में हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और दीप्ति रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, मदन कौशिक, सुबोध उनियाल, राम सिंह खेड़ा, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी और रेखा आर्य सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी और सह प्रभारी शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रदेशभर में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की प्रगति की जानकारी भी बैठक में प्रस्तुत की गई।

















