Connect with us

उत्तराखण्ड

भाजपा नैनीताल की जिला बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर हुआ मंथन

प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन, बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने पर दिया जोर

हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी नैनीताल की संगठनात्मक जिला बैठक हल्द्वानी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट और जिला प्रभारी विवेक सक्सेना ने दीप प्रज्वलित कर तथा वंदे मातरम् के साथ किया। बैठक से पूर्व उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।

बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास ही पार्टी की मजबूती के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने के साथ ही आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना आवश्यक है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर प्रभावी बनाया जा सकता है।

जिलाध्यक्ष ने संगठनात्मक गतिविधियों की दी जानकारी

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने जिले में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि नैनीताल जिले में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं, ताकि जनता के साथ संगठन का जुड़ाव और अधिक मजबूत हो सके।

जनसमस्याओं के समाधान में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम

सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए आमजन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के साथ मजबूत जुड़ाव ही संगठन को निरंतर आगे बढ़ाने में सहायक होता है।

बैठक को राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और जिला प्रभारी विवेक सक्सेना ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया।

जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक का संचालन जिला महामंत्री रंजन बर्गली ने किया। इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, विधायक सरिता आर्या, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिला सह प्रभारी रनदीप पोखरिया, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी सहित विभिन्न दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री और अपेक्षित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच और सक्रियता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page