उत्तराखण्ड
भवाली में अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी, ओवररेटिंग मिलने पर मचा हड़कंप

रेट लिस्ट नहीं लगाने पर भी संचालक को दिए निर्देश, निर्धारित मूल्य पर बिक्री के आदेश
नैनीताल, 1 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धारी अनुराग आर्या के नेतृत्व में भवाली स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान में शराब की बिक्री एवं निर्धारित मूल्य से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शराब को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की अनियमितता सामने आई। इसके अलावा दुकान पर रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की गई थी, जिसके चलते ग्राहकों को शराब के निर्धारित मूल्य की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही थी।
उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने संबंधित दुकान संचालक को निर्देश दिए कि शराब की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ही की जाए। साथ ही दुकान में सभी शराब उत्पादों की मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि ग्राहकों को खरीदारी के समय निर्धारित कीमत की जानकारी आसानी से मिल सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने जैसी अनियमितताओं को लेकर निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।

















