उत्तराखण्ड
भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद शुरू हुआ ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम कार्यालय में गुरुवार को भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर निगम परिवार एवं शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई। इसके बाद नगर निगम द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया।
‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, स्वच्छता गतिविधियों को गति देना तथा शहरवासियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा महाराज सृजन, निर्माण और कर्म के देवता के रूप में पूजित हैं। उनकी पूजा-अर्चना कर नगर निगम परिवार सहित समस्त शहरवासियों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की कृपा से सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और प्रगति का संचार हो।
महापौर ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। ‘एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव’ के संकल्प के साथ नगर निगम अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करेगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहर बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, चतर सिंह, पार्षद सचिन तिवारी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, मदन फर्त्याल, राहत मसीह, सुनील चौधरी सहित भाजपा कार्यकर्ता तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

















