उत्तराखण्ड
बेरीनाग के बहुउद्देशीय शिविर में 369 लाभार्थी हुए लाभान्वित, 9 शिकायतों का मौके पर निस्तारण





पिथौरागढ़, 6 अक्टूबर। संकल्प सेवा अभियान के तहत बेरीनाग में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बना। शिविर में करीब 220 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से 369 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस दौरान प्राप्त 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्य, प्रमुख बेरीनाग संगीता चन्याल सहित 32 जनप्रतिनिधियों तथा 72 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण, पेयजल और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया। ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
जनसंवाद में उठीं सड़क, पानी और बिजली की समस्याएं
शिविर के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत घर निर्माण सहित कई मुद्दे उठाए।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बहुउद्देशीय शिविरों का प्रभावी उपयोग किया जाए। साथ ही शिविरों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर के समापन पर उपजिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से विभिन्न न्याय पंचायतों में आयोजित होने वाले शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लोग भी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठा सकें।





















