उत्तराखण्ड
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 में उत्तराखंड का डंका, राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य का सम्मान

स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक ग्राउंडिंग अनुपात के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, विज्ञान भवन में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रदान किया पुरस्कार
देहरादून/नई दिल्ली, 05 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। योजना के तहत स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराने यानी उच्चतम ‘ग्राउंडिंग अनुपात’ हासिल करने पर उत्तराखंड को “सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य” की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने उत्तराखंड को यह पुरस्कार प्रदान किया। राज्य सरकार की ओर से निदेशक/अपर सचिव, शहरी विकास विभाग श्री विनोद गोस्वामी तथा सहायक निदेशक, शहरी विकास निदेशालय श्री राजीव पांडे ने पुरस्कार ग्रहण किया।
3,979 आवास स्वीकृत, 1,867 की ग्राउंडिंग पूर्ण
शहरी विकास विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत उत्तराखंड के लिए भारत सरकार से कुल 3,979 आवासों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इनमें से 1,867 आवासों की ग्राउंडिंग पूरी की जा चुकी है। वहीं वर्तमान में भारत सरकार द्वारा 2,332 आवासों के निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है, जिसके सापेक्ष करीब 88 प्रतिशत आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।
विभाग के निदेशक/अपर सचिव श्री विनोद गोस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आवासविहीन पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। भारत सरकार द्वारा अगस्त 2026 में 1,647 आवासों को स्वीकृति दी गई थी, जिसकी धनराशि सितंबर 2026 में राज्य सरकार को अवमुक्त की गई। राज्य सरकार द्वारा संबंधित नगरीय निकायों को धनराशि उपलब्ध कराते हुए शेष स्वीकृत आवासों की भी ग्राउंडिंग सुनिश्चित की जाएगी।
निकायों के साथ लगातार अनुश्रवण
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार द्वारा संबंधित नगरीय निकायों के साथ लगातार समन्वय और अनुश्रवण किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए और निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूरा कराया जाए।
पीएम आवास योजना-शहरी 1.0 में भी उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 के अंतर्गत भी उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति की है। योजना के तहत भारत सरकार द्वारा राज्य में कुल 62,272 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 53,320 आवासों का निर्माण पूर्ण कराया जा चुका है।
योजना के क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार द्वारा केंद्रीयांश के रूप में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक तथा राज्य सरकार द्वारा राज्यांश के रूप में करीब 300 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत की गई है।
बीएलसी के तहत 19,380 आवास पूर्ण
योजना के लाभार्थी आधारित निर्माण घटक (BLC) के अंतर्गत राज्य में 19,380 आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। वहीं भागीदारी में किफायती आवास (AHP) घटक के अंतर्गत लगभग 15,960 आवासों में से 11,848 से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष आवासों का निर्माण अंतिम चरण में है।
इसके अलावा ऋण आधारित ब्याज सब्सिडी (CLSS) घटक के अंतर्गत 19,190 आवासों के लिए भारत सरकार द्वारा ब्याज सब्सिडी उपलब्ध कराई गई है।
शहरी विकास विभाग द्वारा योजना के लाभ को अंतिम पात्र परिवार तक पहुंचाने और निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए संबंधित नगरीय निकायों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ निरंतर समन्वय एवं अनुश्रवण किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।





















