उत्तराखण्ड
पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय के गठन की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी।** अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने देश में पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय के गठन की मांग उठाई है। संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों ने हल्द्वानी एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर निर्दोष पुरुषों के संरक्षण के लिए जल्द से जल्द पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय गठित करने की मांग की।
इस दौरान संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं मार्गदर्शिका सुनीता तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए विशेष कानूनों का कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में निर्दोष पुरुषों को छेड़छाड़, मारपीट, यौन शोषण, दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों में फंसाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। संस्था ने मांग की कि किसी भी शिकायत पर निष्पक्ष जांच हो तथा दोनों पक्षों को अपना पक्ष और साक्ष्य प्रस्तुत करने का समान अवसर मिले।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि कई बार पुरुषों को कथित झूठे मुकदमों से बचने के लिए समझौते के नाम पर लाखों रुपये की मांग का सामना करना पड़ता है। आर्थिक और सामाजिक दबाव के चलते कुछ लोग कर्ज लेकर भी ऐसी मांगें पूरी करने को मजबूर हो जाते हैं। वहीं, मांग पूरी नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दिए जाने की शिकायतें भी सामने आती हैं।
उन्होंने कहा कि किसी पुरुष पर गंभीर आरोप लगने के बाद उसका सामाजिक सम्मान, पारिवारिक जीवन, रोजगार और भविष्य प्रभावित हो सकता है। कानूनी प्रक्रिया के दौरान आर्थिक एवं मानसिक दबाव भी बढ़ जाता है। संस्था का कहना है कि ऐसी परिस्थितियों में पुरुषों को भी निष्पक्ष सुनवाई, कानूनी सहायता और सामाजिक संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए एक स्वतंत्र व्यवस्था होनी चाहिए।
संस्था ने प्रधानमंत्री से मांग की कि पुरुष आयोग एवं पुरुष कल्याण मंत्रालय का गठन कर निर्दोष पुरुषों की शिकायतों की सुनवाई के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। इसके साथ ही झूठे मामलों में दोष सिद्ध होने पर पीड़ित व्यक्ति को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति का प्रावधान किया जाए। पुरुषों के कल्याण के लिए अलग बजट निर्धारित कर सरकारी योजनाएं संचालित की जाएं तथा कानूनों के दुरुपयोग के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं को मिले कानूनी अधिकारों का विरोध करना नहीं, बल्कि महिला और पुरुष दोनों को समान न्याय एवं सुरक्षा दिलाना है, ताकि कानून का दुरुपयोग न हो और समाज में आपसी विश्वास तथा सौहार्द बना रहे। *इस दौरान ये लोग रहे मौजूद ज्ञापन देने वालों में संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, सुनीता तिवारी, रेनू कांडपाल, अलका टंडन, सौरभ कुमार, महेश साहू, हैप्पी माहेश्वरी, यश गुप्ता, रोहित साहू, सुशील साहू, प्रशांत गुप्ता, विनीत टंडन, संदीप यादव, सूरज मिस्त्री, रोहतास प्रजापति, जानकी कश्यप, अमित कुमार, सुशील राय, रवि गुप्ता, दीपक कुमार, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







