उत्तराखण्ड
पुरानी भ्रामक वीडियो प्रसारित करने पर जिलाधिकारी सख्त, सोशल मीडिया संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश

पिथौरागढ़, 22 अक्टूबर। सोशल मीडिया पर पुरानी घटनाओं के वीडियो को वर्तमान की घटना बताकर प्रसारित करने के मामले में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने भ्रामक वीडियो प्रसारित कर लोगों में भ्रम और भय का माहौल पैदा करने के मामले में संबंधित सोशल मीडिया संचालक के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
मामला सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक पुराने वीडियो से जुड़ा है, जिसमें एक ट्रक बैली ब्रिज पर पोकलेन मशीन लेकर गुजरता दिखाई देता है। इसी दौरान बैली ब्रिज टूटकर नीचे गिर जाता है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र के धापा बैंड का है और जून 2020 की घटना से संबंधित बताया जा रहा है।
वर्तमान समय में इस पुराने वीडियो को नई घटना के रूप में प्रसारित किए जाने से लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने और भय का माहौल बनने की आशंका है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन को संबंधित सोशल मीडिया संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस प्रकार के भ्रामक एवं तथ्यहीन प्रचार-प्रसार के मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी की आमजन से अपील
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो या सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि अवश्य करें। पुरानी घटनाओं के वीडियो को वर्तमान की घटना बताकर प्रसारित करने से अनावश्यक भ्रम और भय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
उन्होंने लोगों से भ्रामक वीडियो पोस्ट करने या साझा करने से बचने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है।





