उत्तराखण्ड
पिथौरागढ़ में राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 277 मुक्केबाज दिखा रहे दमखम
डीएम आशीष कुमार भटगाईं ने किया शुभारंभ, सब जूनियर में मयंक, नीरज और भरत ने जीते मुकाबले






पिथौरागढ़, 22 अक्टूबर। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में गुरुवार को चार दिवसीय उत्तराखंड राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य, उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के समन्वय तथा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने किया। इस अवसर पर उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जनपद में पहली बार सब जूनियर और जूनियर बालक-बालिका वर्ग की चार श्रेणियों की राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता एक साथ आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और खेल संस्थानों के कुल 277 मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन मुकाबले में गौरव सिंह ने मारी बाजी
प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने बॉक्सिंग रिंग में पहुंचकर 54-57 किलोग्राम भार वर्ग के पिथौरागढ़ के गौरव सिंह और नैनीताल के शौर्य बिष्ट के बीच उद्घाटन मुकाबला शुरू कराया। इस मुकाबले में गौरव सिंह ने शौर्य बिष्ट को पराजित कर जीत दर्ज की।
उद्घाटन समारोह में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विण के विद्यार्थियों ने छोलिया नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने कहा कि पिथौरागढ़ में चार वर्गों की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर है। इससे प्रदेशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
सब जूनियर वर्ग में मयंक, नीरज और भरत जीते
सब जूनियर बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में 43-46 किलोग्राम भार वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के मयंक अधिकारी ने पिथौरागढ़ के योगेश प्रसाद को हराया। वहीं, 46-49 किलोग्राम भार वर्ग में पिथौरागढ़ के नीरज चंद ने बागेश्वर के गौरव कुमार को पराजित किया। इसी भार वर्ग में स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू के भरत सिंह ने अल्मोड़ा के कार्मिक भंडारी को शिकस्त दी।
जूनियर वर्ग में इन खिलाड़ियों ने दर्ज की जीत
जूनियर बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। 54-57 किलोग्राम भार वर्ग में बागेश्वर के हिमांशु कोरंगा ने पिथौरागढ़ के सागर बिष्ट, साई सेंटर पिथौरागढ़ के आशीष कन्याल ने ऊधमसिंह नगर के सुमित बोरा, स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के आयुष खनका ने देहरादून के सुशील तथा स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के कृष्णा ने हरिद्वार के राघव मेहता को पराजित किया।
46-48 किलोग्राम भार वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के ललित सिंह बिष्ट ने एसटीसी काशीपुर के वंश चौधरी को तथा स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के अंश बिष्ट ने स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के मयंक पंत को हराया। 48-50 किलोग्राम भार वर्ग में एसटीसी काशीपुर के प्रथम चंद्र ने बागेश्वर के पीयूष रौतेला को शिकस्त दी। वहीं, 52-54 किलोग्राम भार वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के हिमांशु भंडारी ने पौड़ी के प्रिंस सिंह को पराजित किया।
प्रदेशभर से पहुंचे 277 मुक्केबाज
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में देहरादून, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित विभिन्न जिलों एवं खेल संस्थानों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू, स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार व टनकपुर, स्पोर्ट्स गर्ल्स हॉस्टल पिथौरागढ़, एसटीसी काशीपुर, खेलो इंडिया सेंटर पिथौरागढ़ और जोहार क्लब मुनस्यारी शामिल हैं।
प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग के 128 तथा जूनियर वर्ग के 149 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें बालक और बालिका दोनों वर्गों के मुक्केबाज शामिल हैं। खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों, प्रशिक्षकों और ऑफिशियल्स को नियमानुसार यात्रा व्यय, भोजन भत्ता, आवास तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रतियोगिता के समापन पर पदक विजेताओं और चैंपियनशिप की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पदक, ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश नेगी, जिला सूचना अधिकारी संतोष चंद, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, जिला खेल समन्वयक विक्रम सिंह दिगारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकिता चंद एवं खुशी चंद और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया और सभी का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभिन्न तकनीकी अधिकारियों एवं ऑफिशियल्स ने सहयोग दिया।





