उत्तराखण्ड
पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए मीडिया सेंटर पहुंचे संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, पत्रकारों से किया संवाद

हल्द्वानी। पत्रकारों की समस्याओं को जानने और सूचना विभाग से संबंधित मामलों के समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों के साथ बैठक कर संवाद किया।
इस दौरान संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय ने पत्रकारों से उनकी समस्याओं, सुझावों एवं सूचना विभाग से संबंधित कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सूचना महानिदेशक के निर्देश पर उन्हें हल्द्वानी भेजा गया है, ताकि पत्रकारों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके और उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि यदि उन्हें सूचना विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या, परेशानी या कार्य में कठिनाई आ रही है तो वे खुलकर अपनी बात रखें। पत्रकारों द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों को संकलित कर सूचना महानिदेशक को प्रेषित किया जाएगा, ताकि उनका उचित निस्तारण किया जा सके।
संयुक्त निदेशक ने कहा कि विभाग और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित करना जरूरी है। पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कमलेश भट्ट, जीवन जोशी, गिरीश गोस्वामी, संजय प्रसाद ,मोहन कांडपाल विनोद कांडपाल ओ पी अग्नोत्री गुरमीत सिंह हेलो कुमाऊं से सुनीता भास्कर सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।







