उत्तराखण्ड
पण्डा बाईपास में सड़क के गड्ढों पर जिलाधिकारी सख्त, विभाग को दिए सुधारीकरण के कड़े निर्देश



गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
जनपद की सभी सड़कों की मरम्मत संबंधित विभाग की जिम्मेदारी : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को पण्डा बाईपास मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग के कुछ हिस्सों में गड्ढे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सड़क की मरम्मत सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव वाले पैच के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की बहानेबाजी अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। कार्यों में शिथिलता अथवा लापरवाही सामने आने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सड़कों पर भी गड्ढों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़कों की गुणवत्ता एवं रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दिनेश मोहन गुप्ता, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी, पिथौरागढ़।

















