Connect with us

उत्तराखण्ड

न्यायिक सेवा में चयन पर इंस्पिरेशन स्कूल की पूर्व छात्रा रुचिका भट्ट का भव्य अभिनंदन, विद्यार्थियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

हल्द्वानी,काठगोदाम।।सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। इस बात को इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काठगोदाम की पूर्व छात्रा रुचिका भट्ट ने अपनी उपलब्धि से साबित कर दिखाया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस (जे) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न्यायिक सेवा के लिए चयनित हुईं रुचिका भट्ट ने न केवल अपने परिवार, बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया।

अपने पिता खजान भट्ट के साथ विद्यालय पहुंचीं रुचिका का संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक बल्यूटिया, अध्यक्ष डॉ. गीतिका बल्यूटिया, प्रमुख (योजना) आयुषी बल्यूटिया, प्रधानाचार्य अनुराग माथुर और उप-प्रधानाचार्या ममता तनेजा ने स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानित कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

हेड गर्ल से न्यायिक सेवा तक का प्रेरणादायक सफर

रुचिका भट्ट का विद्यालय से पुराना और विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 2014 में वह इसी विद्यालय की हेड गर्ल रह चुकी हैं। इसके साथ ही वह विद्यालय की बास्केटबॉल टीम की सक्रिय सदस्य भी थीं। विद्यार्थी जीवन में जिस विद्यालय परिसर में उन्होंने अपने भविष्य के सपने संजोए थे, आज उसी संस्थान में न्यायिक सेवा में चयनित होकर लौटना उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। उनकी उपलब्धि ने विद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी।

विद्यार्थियों को बताए सफलता के गुर

अभिनंदन समारोह के दौरान रुचिका भट्ट ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्पष्ट उद्देश्य, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलताओं से निराश न होकर उनसे सीख लेने और अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर रुचिका ने विद्यालय के विभिन्न विभागों का भ्रमण भी किया तथा शिक्षा, खेल और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के क्षेत्र में विद्यालय की प्रगति की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन शैक्षणिक समन्वयक मनमोहन जोशी ने किया।

रुचिका भट्ट की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि आज विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनने के साथ ही इस संदेश को भी मजबूत करती है कि सफलता की शुरुआत सपने देखने से होती है, लेकिन उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page