Connect with us

उत्तराखण्ड

नैनीताल में 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के दिए निर्देश

जनता से सतर्कता बरतने और नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील, आपदा कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने के निर्देश

नैनीताल, 29 अक्टूबर। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा नैनीताल जनपद के लिए 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें। सभी अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे अपने मोबाइल फोन चालू रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके। उन्होंने कार्मिकों को अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में ही बने रहने के निर्देश भी दिए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को शीघ्र शुरू किया जा सके।

जिलाधिकारी ने आपदा कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मौसम से संबंधित सूचनाओं पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी आपात सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि विपरीत मौसम की स्थिति में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनता से सतर्कता बरतने की अपील

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं और अनावश्यक आवागमन से बचें। उन्होंने लोगों को नदी-नालों के आसपास नहीं जाने तथा मौसम की स्थिति को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम संबंधी चेतावनी को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page