Connect with us

उत्तराखण्ड

नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ बोर्ड लगाकर घूम रहा था फर्जी आईबी अधिकारी, एयरगन के साथ गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग में एक युवक के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। युवक कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी बताकर घूम रहा था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से आती हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को पुलिस ने रोका। कार पर लाल-नीली बत्ती के साथ ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। चालक ने पूछताछ के दौरान खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान (24) पुत्र मो. अयूब खान, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने जब उसकी नियुक्ति और पद से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। आईडी और दस्तावेजों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली।

तलाशी में खुला फर्जीवाड़ा

वाहन के डैशबोर्ड से पुलिस को फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। उसने आईबी आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों को भी फर्जी बताया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर फर्जी आईडी और दस्तावेजों के माध्यम से खुद को आईबी अधिकारी/जवान प्रदर्शित कर रहा था।

मामले में थाना हल्द्वानी में मु0 FIR संख्या 315/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। फर्जी पहचान अथवा सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page