उत्तराखण्ड
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में होमस्टे संचालकों की भूमिका भी जांच के घेरे में, त्रिशूल होमस्टे सील

चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, बिना पहचान पत्र सत्यापन के कमरा देने पर उठे गंभीर सवाल
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने शहर में होमस्टे और होटल संचालन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस द्वारा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब प्रशासन ने अपराध में इस्तेमाल किए गए त्रिशूल होमस्टे के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने होमस्टे परिसर को सील कर दिया।
इस प्रकरण में सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया है कि नाबालिग को बिना पहचान पत्र का सत्यापन किए ही होमस्टे में कमरा उपलब्ध करा दिया गया था। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर होटल और होमस्टे संचालकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किस स्तर तक किया जा रहा है और मेहमानों की पहचान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी को कितनी गंभीरता से लिया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, होमस्टे परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो अधिनियम से जुड़े अपराध को अंजाम देने में किया गया। इसी को देखते हुए संयुक्त टीम ने पूरे परिसर को सील कर दिया। साथ ही होमस्टे के संचालन और अन्य अनियमितताओं की जांच करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई केवल एक होमस्टे को सील करने तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि शहर में संचालित होटलों और होमस्टे की कार्यप्रणाली पर भी इसका असर पड़ सकता है। विशेष रूप से नाबालिगों की सुरक्षा, पहचान पत्र सत्यापन और अतिथियों का रिकॉर्ड रखने जैसे अनिवार्य पहलुओं को लेकर संचालकों की जवाबदेही महत्वपूर्ण हो गई है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई और जिला प्रशासन के हस्तक्षेप ने स्पष्ट कर दिया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। अब देखना होगा कि इस प्रकरण की जांच में होमस्टे संचालन से जुड़ी अन्य जिम्मेदारियों और संभावित लापरवाही को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।।घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि पर्यटन और आतिथ्य सेवाओं के नाम पर संचालित प्रतिष्ठानों में यदि पहचान सत्यापन जैसी बुनियादी व्यवस्था ही सुनिश्चित नहीं होगी, तो महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी







