उत्तराखण्ड
देहरादून रोजगार मेले में 249 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, अब तक 12.75 लाख से अधिक अभ्यर्थी लाभान्वित






देहरादून। राष्ट्रीय रोजगार मेले के 20वें संस्करण के तहत शनिवार को देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। देहरादून में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने 249 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को संबोधित किया।
रोजगार मेले के 20वें संस्करण के साथ ही वर्ष 2022 में शुरू हुई इस पहल के माध्यम से अब तक लगभग 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
इन विभागों में हुआ युवाओं का चयन
देहरादून में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 249 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों में हुआ है। इनमें आयकर विभाग, वित्त मंत्रालय में 121, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 53, भारतीय रेल में 30, डाक विभाग में 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा/नियंत्रक रक्षा लेखा में 18, भारतीय सर्वेक्षण विभाग में 5, भारतीय प्रबंधन संस्थान में 1 तथा गृह मंत्रालय में 1 अभ्यर्थी शामिल हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। आयकर विभाग, देहरादून की मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन में रोजगार मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना चयनित युवाओं के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी गर्व का क्षण है।
सरकारी सेवा करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव : टम्टा
नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए अजय टम्टा ने कहा कि सरकारी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के मन में अक्सर यह जिज्ञासा रहती है कि उन्हें किस विभाग में सेवा देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिष्ठित सरकारी विभागों में सेवा से जुड़ना उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने अभिभावकों और परिवार के सदस्यों को भी शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने युवाओं से iGOT कर्मयोगी से जुड़कर लगातार अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा समर्पण और प्रभावी जनसेवा के माध्यम से विकसित भारत@2047 के संकल्प में अपना योगदान दे सकते हैं।
त्योहारों के मौसम में हजारों परिवारों में आई खुशियां : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 51 हजार से अधिक युवाओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम के आगमन के साथ यह अवसर हजारों परिवारों में खुशियां लेकर आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब देश विकसित भारत@2047 की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा एवं कौशल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने देश में बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा टियर-2 और टियर-3 शहरों के युवाओं की उद्यमिता एवं नवाचार में बढ़ती भागीदारी का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नए कौशल अर्जित कर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए किए गए सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभा सेतु पोर्टल जैसी पहल का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से सिविल सेवा चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण तक पहुंचने लेकिन चयनित नहीं हो पाने वाले अभ्यर्थियों को सार्वजनिक एवं निजी संस्थानों में संभावित अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
राष्ट्रीय रोजगार मेले की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को निर्धारित समय सीमा में 10 लाख लोगों को सरकारी पदों पर भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। पहले रोजगार मेले में देशभर के 50 स्थानों पर 75 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। अब 20 रोजगार मेले पूरे होने के साथ करीब 12.75 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
भर्ती प्रक्रिया संघ लोक सेवा आयोग, कर्मचारी चयन आयोग और रेलवे भर्ती बोर्ड सहित निर्धारित भर्ती तंत्र एवं एजेंसियों के माध्यम से की गई है। नवनियुक्त युवाओं ने रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में अपनी सेवाएं शुरू की हैं।

















