उत्तराखण्ड
देहरादून में 8-9 अक्टूबर को आयोजित होगा नाबार्ड का ‘सेब महोत्सव 3.0’

देहरादून,,मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन 8 अक्टूबर को करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
हर्षिल, चकराता और रामगढ़ के ए-ग्रेड सेब तथा कपकोट और रामगढ़ की उच्च गुणवत्ता वाली कीवी रहेगी आकर्षण का केंद्र
चकराता और रामगढ़ के ए-ग्रेड सेब तथा कपकोट और रामगढ़ की उच्च गुणवत्ता वाली कीवी रहेगी आकर्षण का केंद्र
ऐपण, ताम्र शिल्प और रिंगाल हस्तशिल्प सहित उत्तराखंड के पारंपरिक एवं GI उत्पादों का भी होगा प्रदर्शन
देहरादून। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून की ओर से 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को आईटी पार्क स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में ‘सेब महोत्सव 3.0’ का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय यह महोत्सव प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
महोत्सव का उद्घाटन 8 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन के कृषि सचिव, भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित हितधारकों की सहभागिता प्रस्तावित है।
किसानों और FPOs को मिलेगा सीधा बाजार मंच
‘सेब महोत्सव 3.0’ का प्रमुख उद्देश्य नाबार्ड द्वारा समर्थित विकास परियोजनाओं से जुड़े किसानों, जनजातीय समुदायों एवं कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) को अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए प्रभावी विपणन मंच उपलब्ध कराना है।
महोत्सव में उत्तराखंड के पांच जनपदों में नाबार्ड समर्थित जनजातीय विकास परियोजनाओं एवं कृषक उत्पादक संगठनों से जुड़े उत्पादकों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद बिक्री एवं प्रदर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
ए-ग्रेड सेब और प्राकृतिक कीवी बनेगी खास पहचान
इस वर्ष महोत्सव में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। हर्षिल, चकराता और रामगढ़ क्षेत्र के ए-ग्रेड सेब उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध होंगे। इनमें रॉयल डिलीशियस, गोल्डन डिलीशियस, गाला और रेड डिलीशियस जैसी प्रमुख किस्में शामिल हैं।
इसके साथ ही कपकोट और रामगढ़ के कृषक उत्पादक संगठनों द्वारा प्राकृतिक विधि से उत्पादित उच्च गुणवत्ता वाली कीवी भी महोत्सव में बिक्री के लिए उपलब्ध रहेगी।
जैविक और प्राकृतिक उत्पादों की भी होगी बिक्री
महोत्सव में सेब और कीवी के अलावा ताजी सब्जियां, देशी घी, जैविक सरसों का तेल, जैविक गुड़, जैविक दालें, हिमालयी शहद तथा अन्य प्राकृतिक एवं ग्रामीण उत्पाद भी उपलब्ध होंगे।
वहीं, उत्तराखंड के भौगोलिक संकेतक (GI) उत्पादों, ऐपण कला, ताम्र शिल्प और रिंगाल हस्तशिल्प सहित विभिन्न पारंपरिक एवं हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
ग्रामीण उत्पादकों को मिलेगा बेहतर बाजार
नाबार्ड का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण उत्पादकों और कृषक उत्पादक संगठनों को उपभोक्ताओं से सीधे जोड़ना, उनके लिए बेहतर बाजार अवसर उपलब्ध कराना तथा उत्तराखंड के विशिष्ट कृषि उत्पादों, पारंपरिक उत्पादों और ग्रामीण उद्यमों को प्रोत्साहित करना है।
नाबार्ड ने देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से परिवार और मित्रों सहित ‘सेब महोत्सव 3.0’ में शामिल होने का आह्वान किया है। नागरिक महोत्सव में उत्तराखंड के किसानों एवं ग्रामीण उत्पादकों द्वारा लाए गए गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को देखने के साथ-साथ उन्हें सीधे खरीद भी सकेंगे।





















