उत्तराखण्ड
देहरादून में 23 से 25 अक्टूबर तक सजेगा 16वां ‘किताब कौतिक’

75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें होंगी उपलब्ध, साहित्यिक परिचर्चा से लेकर बाल लेखन कार्यशाला तक होंगे आयोजन
देहरादून, 12 सितंबर 2026। पहाड़ों की संस्कृति, साहित्य और युवाओं में पढ़ने-लिखने की आदत को प्रोत्साहित करने वाली संस्था ‘क्रिएटिव उत्तराखंड’ की ओर से 23 से 25 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में तीन दिवसीय ‘देहरादून किताब कौतिक’ पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ की थीम पर आयोजित होने वाला यह 16वां किताब कौतिक होगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को दून पुस्तकालय के एम्फी थिएटर में विशेष परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया।
आयोजन के संयोजक हेम पंत ने बताया कि क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से अब तक टनकपुर, बैजनाथ, चंपावत, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, भीमताल, नानकमत्ता, रानीखेत, नई टिहरी, पंतनगर, गैरसैंण और डीडीहाट सहित प्रदेश के विभिन्न कस्बों एवं शहरों में 15 सफल ‘किताब कौतिक’ आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में आयोजित होने वाला कार्यक्रम इसका 16वां पड़ाव होगा।
उन्होंने कहा कि किताब कौतिक का उद्देश्य केवल देहरादून में 80 हजार पुस्तकें उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि युवाओं और बच्चों के मन में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत का बीज बोना है।
75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें होंगी उपलब्ध
किताब कौतिक में देशभर से करीब 75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के हॉल, ओपन थिएटर और गलियारों में पुस्तक स्टॉल लगाए जाएंगे। साहित्यिक परिचर्चा, प्रसिद्ध लेखकों से सीधी बातचीत, काव्य गोष्ठी और विभिन्न विषयों पर संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
इसके साथ ही बच्चों के लिए विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कॉर्नर, नेचर वॉक, साहसिक खेल, पपेट निर्माण, भाषा-संस्कृति और वॉल पेंटिंग कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। हस्तशिल्प स्टॉल तथा आमंत्रित कलाकारों की सांस्कृतिक संध्याएं भी कार्यक्रम का आकर्षण रहेंगी।
बच्चे खुद तैयार करेंगे हस्तलिखित पुस्तकें
आयोजन से करीब एक सप्ताह पहले देहरादून के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के लिए ‘पांच दिवसीय बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे स्वयं लेखन कर हस्तलिखित पुस्तकें तैयार करेंगे। इन स्वनिर्मित पुस्तकों का स्टॉल भी किताब कौतिक के दौरान बच्चों द्वारा लगाया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता, रंगकर्मी और विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। स्कूली बच्चों एवं आम लोगों के लिए करियर काउंसलिंग, काव्य गोष्ठी तथा सांस्कृतिक संध्या जैसे आयोजन भी होंगे। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
बैठक में हेम पंत, दयाल पांडे, भारती पांडे, प्रवीण कुमार भट्ट, रमाकांत बेंजवाल, बीना बेंजवाल, हेमा तिवारी, देवेश जोशी, प्रेम पंचोली, मनोज पांडे, दीप्ति भट्ट, प्रोफेसर शशि सहित साहित्यकार, शिक्षक, शोधार्थी, रंगकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार मौजूद रहे।

















