Connect with us

उत्तराखण्ड

देहरादून में जुटेंगे 700 मास्टर शटलर, नेपाल-भूटान के खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम

शनिवार से शुरू होगा मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट, साढ़े तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि पर रहेगी नजर

देहरादून। खेलप्रेमियों के लिए देहरादून में बैडमिंटन का रोमांच चरम पर पहुंचने वाला है। दून स्मैशर्स बैडमिंटन ग्रुप की ओर से आयोजित मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ शनिवार से होगा। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के साथ ही पड़ोसी देशों नेपाल और भूटान के मास्टर शटलर भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी ने टूर्नामेंट को खास बना दिया है।वीरवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दून स्मैशर्स बैडमिंटन ग्रुप के सचिव धीरेंद्र बहुगुणा ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में करीब 700 शटलर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ी भी शामिल हैं। अभिन्न श्याम गुप्ता, श्रीकांत बख्शी, विक्रम भसीन और एमएस वोहरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी टूर्नामेंट में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्गों में बांटा गया है, ताकि अलग-अलग उम्र के अनुभवी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। 80 प्लस से 150 प्लस संयुक्त आयु वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। पुरुष युगल के मुकाबले 80 प्लस से 140 प्लस संयुक्त आयु वर्ग में होंगे। इसके अलावा संयुक्त आयु वर्ग में मिश्रित युगल और महिला युगल की स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी।

इसी तरह 35 प्लस से 70 प्लस आयु वर्ग में पुरुष एकल और महिला एकल मुकाबले होंगे। विभिन्न आयु वर्गों में होने वाले मुकाबलों में अनुभवी खिलाड़ियों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

दो प्रमुख स्थानों पर होंगे मुकाबले

मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के मुकाबले मल्टीपर्पज हॉल, परेड ग्राउंड और ऑक्सफोर्ड अकादमी में आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने खिलाड़ियों की सुविधा और प्रतियोगिता के बेहतर संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।

विजेताओं को मिलेंगे साढ़े तीन लाख रुपये

टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कुल साढ़े तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्देश्य अनुभवी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ बैडमिंटन के प्रति लोगों में रुचि और उत्साह को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ नेपाल और भूटान के खिलाड़ियों की भागीदारी से देहरादून को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधियों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

पत्रकार वार्ता में ग्रुप के संरक्षक एसके पटेट, राजीव वर्मा, नवनीत सेठी, वीके मिश्रा सहित आयोजन समिति से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page