उत्तराखण्ड
दूधिया रोशनी में खेले गए ऑल इंडिया सीनियर्स टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले, विजेताओं को मिली आकर्षक ट्रॉफी और नकद पुरस्कार









पवनीत सिंह बिंद्रा
देहरादून। शान्ति टेनिस एकेडेमी, डालनवाला में आयोजित हमेलिया टावर्स ऑल इंडिया सीनियर्स टेनिस टूर्नामेंट 2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे एवं अंतिम दिन डबल्स वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए। सुबह आठ बजे शुरू हुई खेल प्रतियोगिता में दूसरे और तीसरे दौर के मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल मैच भी देर शाम तक चले। समय की कमी के चलते सभी फाइनल मुकाबले दूधिया रोशनी में आयोजित किए गए। इसके बाद भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
30+ डबल्स में तुषार शर्मा और विजेंद्र चौहान बने विजेता**
कोर्ट नंबर एक पर 30+ डबल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में तुषार शर्मा और विजेंद्र चौहान की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदीप पंत (पूर्व इंडिया नंबर-1, 35+ आयुवर्ग) और अपूर्व हटवाल की जोड़ी को 8-6 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रदीप पंत और अपूर्व हटवाल को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा। उत्तराखंड के लिए यह विशेष उपलब्धि रही कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के 30+ आयुवर्ग के फाइनल में चारों खिलाड़ी देहरादून के ही थे।
इसी कोर्ट पर 90+ कंबाइंड एज ग्रुप के फाइनल में देहरादून के प्रदीप पंत और संचित जैन की जोड़ी ने दिल्ली के गुंजनदीप सिंह और भूपेंद्र रावत को 8-3 से हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की।
110+ और 125+ वर्ग में भी दिखा खिलाड़ियों का दम**
कोर्ट नंबर दो पर 110+ कंबाइंड एज ग्रुप के फाइनल में तुषार शर्मा और प्रदीप कुमार वालिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रायबरेली, उत्तर प्रदेश के सुनील कुमार और अयाज शेख को 8-5 से पराजित किया। इस जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं कोर्ट नंबर तीन पर 125+ कंबाइंड एज ग्रुप का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दिल्ली के पवन जैन और चंद्र भूषण की जोड़ी ने देहरादून के प्रदीप कुमार वालिया और पुणे के राजेश को 8-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
लकी डबल्स में दिल्ली की जोड़ी ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में प्रथम चक्र में पराजित हुए खिलाड़ियों के लिए आयोजित लकी डबल्स फाइनल में दिल्ली के राजकुमार और सुनील सूद ने दिल्ली के दिनेश सुयाल और देहरादून के नवीन सिंह पंचपाल को 8-4 से हराकर ट्रॉफी जीती।
देहरादून के स्टार खिलाड़ी तुषार शर्मा प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षण रहे। उन्होंने 30+ ओपन डबल्स और 110+ डबल्स सहित दो वर्गों में विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
विजेताओं को 21 हजार और उपविजेताओं को 11 हजार रुपये के चेक समापन समारोह के मुख्य अतिथि देहरादून के प्रतिष्ठित रियल एस्टेट डेवलपर एवं व्यवसायी तथा एडिशनल गवर्नमेंट प्लीडर राज लुंबा रहे। विशिष्ट अतिथियों में आईपीएस अशोक कुमार और पीके वालिया उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान कीं। इसके साथ ही प्रत्येक कंबाइंड एज ग्रुप में विजेता को 21 हजार रुपये तथा उपविजेता को 11 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। वहीं सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 6 हजार रुपये और क्वार्टर फाइनलिस्ट खिलाड़ियों को 3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों की चोट से सुरक्षा के लिए डॉक्टरों और फिजियो टीम की सराहना
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को चोट से बचाने और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों एवं फिजियोथेरेपी टीम ने सराहनीय सेवाएं दीं। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी चिकित्सा एवं फिजियो टीम की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
इस राष्ट्रीय स्तर की डबल्स टेनिस प्रतियोगिता के सह-प्रायोजकों में हमेलिया टावर्स, इंडियन ट्री, ट्वेंटी टू हाइट्स तथा एसटीए शामिल रहे।
उत्तराखंड में टेनिस को बढ़ावा देने का संकल्प।समापन समारोह में शान्ति टेनिस एकेडेमी, डालनवाला के निदेशक एवं उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के संरक्षक पीके वालिया ने कहा कि उत्तराखंड में टेनिस खेल को प्रोत्साहित करने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए वह भविष्य में भी जिला टेनिस एसोसिएशन, देहरादून तथा उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन को इसी तरह अपना सहयोग देते रहेंगे।
इस अवसर पर उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार (आईपीएस), महासचिव सुमित गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र चौहान, मनोज गुप्ता, कोषाध्यक्ष दिनेश नागपाल, पीके वालिया तथा जिला टेनिस एसोसिएशन नैनीताल के डिप्टी सेक्रेटरी अमर जगाती सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में महासचिव सुमित गोयल एवं उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन परिवार ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, दर्शकों, प्रायोजकों, डॉक्टरों एवं फिजियोथेरेपी टीम, पत्रकारों, अंपायरों, बॉल बॉयज तथा राकेश जी का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने देहरादून को सीनियर टेनिस के एक महत्वपूर्ण खेल केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और सकारात्मक कदम बढ़ाया है।







