उत्तराखण्ड
दिवंगत पत्रकार कृष्ण कुमार गुप्ता की पत्नी को मिला ₹5 लाख की आर्थिक सहायता का ड्राफ्ट

हल्द्वानी, 2 अक्टूबर। मान्यता प्राप्त पत्रकार एवं सांध्य दैनिक कुमायूं टाइम्स के संपादक स्वर्गीय कृष्ण कुमार गुप्ता के निधन के बाद उनके परिवार को पत्रकार कल्याण कोष (कारपस फंड) से आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
उपाध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति ध्रुव रौतेला ने स्वर्गीय कृष्ण कुमार गुप्ता की धर्मपत्नी श्रीमती सरोजनी गुप्ता को पत्रकार कल्याण कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ड्राफ्ट प्रदान किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय पत्रकार कृष्ण कुमार गुप्ता के परिजनों ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। परिजनों ने कहा कि सरकार की इस सहायता से परिवार को कठिन समय में संबल मिला है।
पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से दिवंगत पत्रकार के आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने को पत्रकार समुदाय के लिए सामाजिक सुरक्षा और सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

















