उत्तराखण्ड
तकनीक, रणनीति और नेतृत्व का समन्वय सामरिक क्षमता को दे रहा नई मजबूती : राज्यपाल



देहरादून। राष्ट्रीय सुरक्षा के बदलते परिदृश्य के बीच तकनीक, रणनीति और नेतृत्व के बेहतर समन्वय को सामरिक क्षमता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक युद्ध के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर जैसी अत्याधुनिक तकनीकें भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
लोक भवन में हायर कमांड कोर्स के अधिकारियों के साथ संवाद के दौरान आधुनिक युद्धकला, तकनीकी बदलावों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई। अधिकारियों के साथ संवाद में बदलते सुरक्षा वातावरण के अनुरूप निरंतर सीखने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने और विभिन्न सैन्य क्षमताओं के बीच बेहतर इंटीग्रेशन की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड का फॉरवर्ड एरिया टूर भी बदलते सुरक्षा परिदृश्य को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हिमालयी क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियां, सीमावर्ती क्षेत्रों का सामरिक महत्व और वहां तैनात सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर इस दौरान मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि वास्तविक परिस्थितियों से प्राप्त अनुभव, निरंतर सीखने की भावना और बेहतर समन्वय भविष्य की राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की क्षमता को और मजबूत करते हैं। हिमालयी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए तकनीकी क्षमता, रणनीतिक दृष्टिकोण और नेतृत्व कौशल का समन्वय आवश्यक है।
जय हिंद। राष्ट्र सर्वोपरि।

















