उत्तराखण्ड
ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर में 35 लोगों ने किया रक्तदान


जन्मदिन को जनसेवा के रूप में मनाकर दीपक पांडे ने पेश की मिसाल, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता व डॉ. जसविंदर गिल समेत शहर की हस्तियों ने दी शुभकामनाएं
रुद्रपुर, 26 अगस्त। समाज सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से नवगठित ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को मेट्रोपोलिस मॉल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की, जबकि 35 लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर की खास बात यह रही कि संस्था के संस्थापक एवं आयोजक दीपक पांडे ने अपना जन्मदिन किसी उत्सव के बजाय जनसेवा को समर्पित किया। कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में पहुंचे पांच बार के विधायक एवं वर्तमान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन को समाज सेवा के रूप में मनाना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक व्यक्ति का रक्तदान जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने संस्था को भविष्य के सामाजिक कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने भी शिविर का अवलोकन किया और दीपक पांडे को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं और सहायता पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने संस्था को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
शिविर में कात्यायनी मेडिकल सेंटर हॉस्पिटल और शहीद उधम सिंह मेमोरियल ब्लड सेंटर मुख्य सहयोगी रहे। एलोपैथी के साथ होम्योपैथी, दंत चिकित्सा, न्यूरो थेरेपी और आयुर्वेद से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कैलाश मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. पीयूष फुलारा ने होम्योपैथी के बारे में जानकारी दी। देवकी डेंटल क्लिनिक के डॉ. नितिन त्रिपाठी ने लोगों के दांतों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। वरिष्ठ न्यूरो थेरेपिस्ट प्रमोद राजपूत ने न्यूरो थेरेपी की सेवाएं दीं, जबकि बरेली से पहुंचे विशेषज्ञ अजय जैन ने आयुर्वेद के महत्व पर जानकारी दी।
महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं देवभूमि अंगदान केंद्र की ओर से एस.के. मित्तल ने लोगों को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कात्यायनी मेडिकल सेंटर के निदेशक, वरिष्ठ लैप्रोस्कोपिक सर्जन एवं प्रोक्टोलॉजिस्ट डॉ. जसविंदर गिल ने दीपक पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में देश और समाज सेवा की भावना बढ़ रही है और ऐसे आयोजनों से इसे और मजबूती मिलती है। उन्होंने भविष्य में ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन के साथ मिलकर स्वास्थ्य एवं जीवनरक्षा से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
सभी 35 रक्तदाताओं को मेट्रोपोलिस मॉल के मैनेजर देवीलाल, डॉ. जसविंदर गिल, प्रमुख समाजसेविका नंदी चंदोला, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे और दीपक पांडे ने प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
फाउंडेशन की फाउंडर ममता पांडे ने आयोजन की सफलता पर सहयोगी संस्थाओं एवं प्रतिष्ठानों का आभार जताया। उन्होंने रावल एजेंसी के हर्ष रावल, एडवांस टेंट के सुधीर अरोड़ा और सीएडी इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्किल के मयंक श्रीवास्तव के सहयोग की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर मौजूद जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना है और इसके लिए टीम नियमित रूप से समय निकालकर सेवा कार्य करती रहेगी।
इस दौरान फिल्म जगत के डायरेक्टर, राइटर एवं एक्टर अनुग्रह अग्निहोत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे। वहीं श्री गुरु रामदास जी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष हरविंदर सिंह चुग, जिंदगी जिंदाबाद संस्था के सदस्य तथा जीवन ज्योति वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष अलका अरोड़ा, भरत मेहरा सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में पहुंचकर फाउंडेशन का उत्साह बढ़ाया।
दोपहर में फाउंडेशन की टीम ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन भी वितरित किया। इस तरह दीपक पांडे ने अपने जन्मदिन को सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान के माध्यम से सार्थक बनाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष हरीश पांडे, सुमित पांडे, हेम पांडे, प्रज्वल पांडे, निखिल पांडे, यश पांडे, मयंक श्रीवास्तव, दीपशिखा फुलारा, प्रभात फुलारा, परिधि पांडे, जफर, सोहेल सहित संस्था के अन्य पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

















