उत्तराखण्ड
डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा



18 नवंबर को जिले के विभिन्न केंद्रों में होगी परीक्षा, एसपी हल्द्वानी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
हल्द्वानी। द्विवर्षीय डीएलएड प्रशिक्षण प्रवेश परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। परीक्षा को लेकर एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह ने मंगलवार को पुलिस सभागार हल्द्वानी में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आयोजित ब्रीफिंग में एसपी हल्द्वानी ने बताया कि उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर की ओर से 18 नवंबर 2026 (बुधवार) को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में डीएलएड प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संपन्न होगी।
इस दौरान एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों की नियमानुसार जांच करने तथा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोकने को कहा।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ आवश्यकतानुसार आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी हरबंस सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी रोहिताश सागर सहित परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







