Connect with us

उत्तराखण्ड

टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए वरदान बनीं ‘गुब्बारा क्लीनिक’, 74 बच्चों को मिल रहा निःशुल्क उपचार

नैनीताल और हल्द्वानी के जिला व बेस चिकित्सालय में प्रत्येक मंगलवार संचालित हो रही विशेष क्लीनिक, मरीजों को मुफ्त इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप उपलब्ध

30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की डायबिटीज स्क्रीनिंग में भी नैनीताल जनपद ने बढ़ाए कदम, वर्ष 2025-26 में 2.39 लाख से अधिक लोगों की हुई जांच

हल्द्वानी/नैनीताल। टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों और युवाओं के लिए नैनीताल जनपद में संचालित ‘गुब्बारा क्लीनिक’ किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही हैं। इस पहल के माध्यम से ऐसे मरीजों को न केवल नियमित उपचार और चिकित्सकीय परामर्श मिल रहा है, बल्कि जीवनभर आवश्यक रहने वाली इंसुलिन और रक्त में शुगर के स्तर की निगरानी के लिए जरूरी उपकरण भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान में जनपद की दो विशेष क्लीनिकों के माध्यम से 74 मरीजों को नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में मधुमेह की समय पर पहचान, जांच और उपचार को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक जनपद में कुल 2,39,515 लोगों की डायबिटीज स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 11,488 मरीज उपचाराधीन रहे। वहीं अप्रैल 2026 से अब तक 1,66,833 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और वर्तमान में 11,774 मरीज उपचाराधीन हैं।

दो अस्पतालों में प्रत्येक मंगलवार लगती हैं गुब्बारा क्लीनिक

टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और युवाओं की विशेष देखभाल के उद्देश्य से नवंबर 2025 में नैनीताल जनपद में गुब्बारा क्लीनिक की शुरुआत की गई थी। वर्तमान में ये क्लीनिक जिला चिकित्सालय नैनीताल और बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में प्रत्येक मंगलवार संचालित की जा रही हैं।

इन क्लीनिकों में मरीजों को निःशुल्क इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप उपलब्ध कराई जाती हैं। इससे मरीज अपने घर पर भी नियमित रूप से रक्त में शुगर के स्तर की जांच कर सकते हैं और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार उपचार जारी रख सकते हैं। टाइप-1 डायबिटीज में नियमित इंसुलिन और निगरानी की आवश्यकता को देखते हुए यह सुविधा प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक और चिकित्सकीय दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित स्क्रीनिंग

स्वास्थ्य विभाग द्वारा केवल टाइप-1 डायबिटीज के मरीजों पर ही नहीं, बल्कि आमजन में मधुमेह की रोकथाम और शुरुआती पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच की जा रही है।

यह स्क्रीनिंग स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ आउटरीच कार्यक्रमों और समुदाय स्तर पर भी की जा रही है। जांच में मधुमेह के संभावित मरीजों की पहचान होने पर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों से जोड़ा जा रहा है।

समय पर जांच और नियमित उपचार जरूरी: डॉ. रश्मि पंत

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि जनपद में मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित जांच और उपचार सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की स्क्रीनिंग कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और युवाओं के लिए संचालित गुब्बारा क्लीनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इन क्लीनिकों के माध्यम से मरीजों को आवश्यक दवाएं, जांच उपकरण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनका उपचार निरंतर जारी रह सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आमजन से अपील की कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग नियमित रूप से डायबिटीज की जांच कराएं। जांच में मधुमेह की पुष्टि होने पर चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार लें। उन्होंने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग, नियमित उपचार और जीवनशैली में जरूरी बदलाव अपनाकर मधुमेह से होने वाली गंभीर जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की यह पहल जहां बच्चों और युवाओं को टाइप-1 डायबिटीज के साथ बेहतर जीवन जीने में सहायता प्रदान कर रही है, वहीं जनपद में मधुमेह की रोकथाम और नियंत्रण की दिशा में भी  महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page