उत्तराखण्ड
ज्योलिकोट में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी, 235 लोगों की स्वास्थ्य जांच; 61 ब्लड सैंपल लिए




आईएलबीएस नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम ने पीएचसी ज्योलिकोट का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को बताया संतोषजनक
नैनीताल, 15 सितंबर 2026। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावित लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 235 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि 61 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ज्योलिकोट में 82 लोगों की जांच की गई और उपचार की आवश्यकता वाले चार मरीजों को भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
आईएलबीएस विशेषज्ञ टीम ने किया पीएचसी का निरीक्षण
आईएलबीएस नई दिल्ली से पहुंची विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट का निरीक्षण किया। टीम में डॉ. सत्येंद्र पाल सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ हेपेटोलॉजी तथा डॉ. रेशु अग्रवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ क्लीनिकल वायरोलॉजी शामिल रहे।
विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य केंद्र की लैब, प्रतिरक्षण कक्ष और ओपीडी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। टीम ने पीएचसी में भर्ती मरीजों से भी बातचीत कर उनके उपचार, स्वास्थ्य स्थिति और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मरीजों ने विशेषज्ञ टीम को बताया कि उनका उपचार सही तरीके से चल रहा है और स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। निरीक्षण के बाद आईएलबीएस की टीम ने मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं को अच्छा एवं संतोषजनक बताया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी ओपीडी सेवाएं
ज्योलिकोट पीएचसी में मंगलवार को सेंट्रल हॉस्पिटल के डॉ. अनुराग सरकार, जनरल फिजिशियन तथा डॉ. वैशाली पांडे ने ओपीडी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।
14416 टेली-सेवा से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ले सकते हैं परामर्श
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के लिए 14416 टेली-सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से लोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे बातचीत कर चिकित्सकीय परामर्श और काउंसलिंग प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ज्योलिकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी, स्वास्थ्य जांच, ब्लड सैंपलिंग, उपचार और आवश्यक दवाओं के वितरण का कार्य कर रही हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
— चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल

















