उत्तराखण्ड
ज्योलिकोट में जल जनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सचल चिकित्सा वाहन तैनात


380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 72 ब्लड व 7 पानी के सैंपल लिए; आयुष्मान उपचार में दिक्कत पर सीधे सीएमओ से संपर्क की अपील
नैनीताल, 10 सितंबर। ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण, सैंपलिंग, स्वास्थ्य शिविर और दवाओं का वितरण लगातार जारी है।
गुरुवार को स्वास्थ्य टीमों ने ज्योलिकोट क्षेत्र में 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा 72 ब्लड सैंपल लिए। इसके अलावा पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए सात पानी के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। जरूरत के अनुसार लोगों को दवाएं, ओआरएस, जिंक और क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं। स्वास्थ्य टीमों ने लोगों को जल जनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
सचल चिकित्सा वाहन से घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने सचल चिकित्सा वाहन तैनात किया है। वाहन के माध्यम से लोगों को घर के समीप ही स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट की ओपीडी पर्ची निःशुल्क कर दी गई है।
क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 10 सितंबर को नीलकंठ हॉस्पिटल की डॉ. मेघा रखोलिया और डॉ. सलीम ने पीएचसी ज्योलिकोट में ओपीडी कर मरीजों का परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श दिया। 11 सितंबर को बृजलाल हॉस्पिटल हल्द्वानी की गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रेया नेगी तथा साईं हॉस्पिटल हल्द्वानी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सती ओपीडी सेवाएं देंगे।
छह क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, 380 लोगों की जांच
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट तथा भल्यूटी-चोपड़ा में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कुल 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार दवाएं वितरित की गईं और लोगों को जल जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
आयुष्मान में इलाज में परेशानी हो तो सीधे सीएमओ से करें संपर्क
डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्रवासियों से कहा कि आयुष्मान योजना के तहत पैनल्ड अस्पतालों में उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर वे सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को आवश्यक सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
पानी उबालकर पीने की अपील
सीएमओ ने लोगों से जल जनित रोगों से बचाव के लिए पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सावधानियों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों को घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक दवाओं का वितरण लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

















