उत्तराखण्ड
जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी को दी गई भावभीनी अंतिम विदाई

चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, 14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा
हल्द्वानी, 13 सितंबर 2026। जिला सूचना अधिकारी, नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से सूचना विभाग, जनपद के पत्रकार जगत तथा विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह 8 बजे उनके निवास स्थान बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी से रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। गमगीन माहौल में चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा शोकाकुल परिजन मौजूद रहे।
उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को सूचना विभाग एवं मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में शोक सभा
स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे मीडिया सेंटर, हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

















