Connect with us

उत्तराखण्ड

जमरानी बांध परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, तय समय-सीमा में पूरा हो काम: सतपाल महाराज

हल्द्वानी, 4 अक्टूबर। प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन, लोक निर्माण एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को काठगोदाम से करीब 10 किलोमीटर दूर गोला नदी पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय जमरानी बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि जमरानी बांध उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण बहुउद्देशीय परियोजना है। परियोजना के निर्माण से नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश के बरेली एवं रामपुर जिलों की करीब 57,066 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि करीब 3,808 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली इस परियोजना से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले 10 लाख से अधिक लोगों को प्रतिवर्ष 42.70 मिलियन क्यूबिक मीटर पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसके अलावा परियोजना से प्रतिवर्ष करीब 63.4 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन भी प्रस्तावित है।

महाराज ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना केवल पेयजल और सिंचाई के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण एवं नदी के प्रवाह के नियमन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जलाशय क्षेत्र में मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

उन्होंने अधिकारियों को परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, आवश्यक समन्वय बनाए रखने तथा कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने देने के निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page