उत्तराखण्ड
जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें अधिकारी: ध्रुव रौतेला



भीमताल, 31 अगस्त 2026। उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन भीमताल के सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं के साथ सरकार की प्रमुख योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करें। विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और अभिनव प्रयासों की जानकारी भी आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
रौतेला ने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत जनपद में पेयजल विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों सहित विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और उनकी प्रगति की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर उत्तराखंड मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने भीमताल झील परिक्षेत्र में बोगनवेलिया का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राना, सहायक परियोजना अधिकारी चन्दा फर्त्याल सहित विद्युत विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

















